पुरानी पेंशन बहाली के लिए महराजगंज में राज्य कर्मचारियों ने भरी हुंकार

पुरानी पेंशन बहाली के लिए महराजगंज में राज्य कर्मचारियों ने भरी हुंकार


महराजगंज में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद से जुड़े राज्य कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर गुरुवार को हुंकार भरी। पुरानी पेंशन बहाली समेत 16 सूत्रीय मांगों को पूरा कराने के लिए जिला मुख्यालय पर धरना देकर आवाज बुलंद की। बाद में प्रधानमंत्री को संबोधित मांग पत्र एडीएम को दिया। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा 
जिलाध्यक्ष ओपी त्रिपाठी ने कहा कि कर्मचारी सरकारी की मंशा व नीतियों के अनुसार काम करने में पूरा जीवन लगा देते हैं। लेकिन जब सेवानिवृत्ति की बारी आती है तो सरकार उनका साथ छोड़ देती है। यह सरासर अन्याय व उपभोगवादी संस्कृति है। पुरानी पेंशन का समाप्त कर सरकार ने कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा छीन लिया है। कर्मचारियों को अपनी मांगों को लेकर आर पार की लड़ाई लड़नी होगी। सरकार के दमनकारी नीति का जवाब देना होगा। मंत्री राकेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि केंद्रीय कर्मचारियों व राज्य कर्मचारियों के बीच अंतर को समाप्त किया जाना चाहिए। सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग व ठेकेदारी प्रथा से कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। बाहर निकालने की धमकी देकर कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


धरने को मानवेंद्र वरूण, वकाउल्लाह अंसारी, आदित्य प्रताप सिंह, रामसरन गुप्ता, विरेंद्र, लालजी त्रिपाठी, राजीव कुमार, ओमप्रकाश, विजय  प्रताप, मसूद अहमद, सरिता जायसवाल, शेषनाथ यादव ने भी संबोधित किया।